21 मई को गौतमबुद्धनगर के 17 केंद्रों पर होगी लेखपाल मुख्य परीक्षा, प्रशासन ने कसी कमर!!
एडीएम न्यायिक प्रियंका ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, नकल विहीन और पारदर्शी परीक्षा कराने के दिए सख्त निर्देश
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 15 मई 2026। जनपद गौतमबुद्धनगर में आगामी 21 मई को आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के साथ परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प०-2025)/01 आगामी 21 मई 2026 को जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक रणनीति तैयार की है।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी तैयारियां आयोग के मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परीक्षा को सफल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हों। यदि किसी केंद्र पर कोई कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारियों को भी विशेष निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सघन जांच अभियान चलाया जाए और किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन या अन्य प्रतिबंधित उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति न दी जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़े दिशा-निर्देशों और आयोग के मानकों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बैठक में सभी संबंधित केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
जिला प्रशासन का कहना है कि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।।
