शुक्रवार, 15 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 105 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 105 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जारचा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब की बिक्री करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 105 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 मई 2026 को थाना जारचा पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने रजवाहे की पुलिया के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय पुत्र रवि सिंह निवासी ग्राम प्यावली जैतवारपुर, थाना जारचा, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। पूछताछ में पुलिस आरोपी से शराब तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चैन के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

थाना जारचा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 82/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।।