गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-142 पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल-लैपटॉप चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 18 मोबाइल समेत भारी सामान बरामद!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-142 पुलिस ने चोरी की वारदातों पर बड़ा प्रहार करते हुए मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 18 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट और चोरी में प्रयुक्त एक इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 15 मई 2026 को थाना सेक्टर-142 पुलिस टीम एफएनजी रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सर्विस रोड से दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में चोरी का इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान महेन्द्र पुत्र वेदप्रकाश निवासी नगली वाजिदपुर, नोएडा तथा जुनैद उर्फ बिट्टू पुत्र आलम निवासी सहरसा, बिहार हाल निवासी नगली वाजिदपुर, नोएडा के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे साप्ताहिक बाजारों, झुग्गी-बस्तियों और रिहायशी इलाकों में रेकी कर ऐसे घरों और दुकानों को निशाना बनाते थे, जहां खिड़कियों या खुले स्थानों पर मोबाइल फोन, लैपटॉप और टैबलेट रखे होते थे। मौका मिलते ही दोनों आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। चोरी किए गए सामान को राह चलते लोगों को बेहद सस्ते दामों में बेचकर उससे मिलने वाले पैसे को मौज-मस्ती और शौक पूरे करने में खर्च कर देते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बरामद इलेक्ट्रिक स्कूटी भी चोरी की है। यह स्कूटी 16 जनवरी 2026 को एडवांट गेट नंबर-1 के पास थाना सेक्टर-142 क्षेत्र से चोरी की गई थी। इस संबंध में थाना सेक्टर-142 में मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। खासतौर पर जुनैद उर्फ बिट्टू पर चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और आयुध अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
थाना सेक्टर-142 पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा और चोरी व लूट जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
