गुरुवार, 14 मई 2026

गौतमबुद्धनगर:नोएडा के गांवों में सीवर समस्या के समाधान को करोड़ों की परियोजनाओं का शिलान्यास!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:नोएडा के गांवों में सीवर समस्या के समाधान को करोड़ों की परियोजनाओं का शिलान्यास!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 14 मई 2026।
दो टूक//नोएडा के गांवों में लगातार बढ़ती आबादी और जर्जर हो चुकी सीवर एवं पानी की लाइनों से उत्पन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में गुरुवार को बड़ी पहल की गई। जल विभाग द्वारा तैयार की गई करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा विधायक पंकज सिंह ने विशेष कार्याधिकारी (केएस) एवं महाप्रबंधक (जल) की उपस्थिति में किया।

इन परियोजनाओं के माध्यम से बरौला, छजारसी, हजरतपुर वाजिदपुर और सर्फाबाद गांवों में पुरानी व क्षतिग्रस्त सीवर तथा पेयजल लाइनों को बदला जाएगा। साथ ही कई स्थानों पर नई लाइनें भी डाली जाएंगी, जिससे लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो, जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गांवों में बढ़ते आबादी घनत्व के कारण पुरानी सीवर व्यवस्था पर अत्यधिक दबाव बढ़ गया था। कई जगहों पर लाइनें क्षतिग्रस्त और चोक होने से गंदा पानी गलियों और सड़कों पर भर जाता था, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार उठाए गए मुद्दों के बाद जल विभाग ने इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की।

ग्राम बरौला में करीब 978.68 लाख रुपये की लागत से 10 एमएलडी क्षमता के सीवेज सम्पवेल का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ राइजिंग मेन का कार्य और 17 गलियों में लगभग 3375 मीटर लंबी पुरानी एवं क्षतिग्रस्त सीवर और पानी की लाइनों को बदला जाएगा। अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना क्षेत्र की सीवर निकासी व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

वहीं ग्राम छजारसी में 165.13 लाख रुपये की लागत से सीवर अनुरक्षण कार्य कराया जाएगा। इसके तहत तीन गलियों में 1280 मीटर लंबी सीवर लाइन और समान लंबाई की पानी की लाइन डाली जाएगी। इससे क्षेत्र में जल निकासी और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी।

ग्राम हजरतपुर वाजिदपुर में भी 164.60 लाख रुपये की लागत से पुरानी और क्षतिग्रस्त जल एवं सीवर लाइनों को बदला जाएगा। यहां छह गलियों में 1300 मीटर लंबी सीवर लाइन तथा 1300 मीटर लंबी पानी की लाइन डाली जाएगी।

इसके अलावा ग्राम सर्फाबाद में 107.15 लाख रुपये की लागत से विभिन्न गलियों में नई सीवर और पानी की लाइनें बिछाई जाएंगी। योजना के तहत 12 गलियों में 1306.50 मीटर लंबी सीवर लाइन और 11 गलियों में 3344.10 मीटर लंबी पानी की लाइन डाली जाएगी।

सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने कहा कि क्षेत्र के गांवों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सीवर और पेयजल जैसी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें।

अधिकारियों के अनुसार इन योजनाओं के पूरा होने के बाद गांवों से निकलने वाले सीवर का समुचित निस्तारण नजदीकी एसटीपी तक सुचारु रूप से किया जा सकेगा। साथ ही बरसात के दौरान होने वाले जलभराव और गंदगी की समस्या में भी काफी कमी आएगी। स्थानीय लोगों ने भी इन परियोजनाओं के शिलान्यास को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।।