मंगलवार, 26 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त: अवैध पार्किंग, ओवरस्पीडिंग और ब्लैक स्पॉट्स पर होगी बड़ी कार्रवाई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त: अवैध पार्किंग, ओवरस्पीडिंग और ब्लैक स्पॉट्स पर होगी बड़ी कार्रवाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

एडीएम मंगलेश दुबे ने अधिकारियों को दिए निर्देश, पीएम कैशलेस उपचार योजना के व्यापक प्रचार पर भी जोर

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 26 जून 2026।
जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और सड़क हादसों में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने की। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, ब्लैक स्पॉट सुधार, अवैध पार्किंग और केंद्र सरकार की कैशलेस उपचार योजना जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान एडीएम प्रशासन ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक और कानूनी दायित्व भी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन को सुरक्षित यातायात वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

अवैध स्टैंड, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग पर चलेगा अभियान

एडीएम ने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि जनपद में अवैध स्टैंड, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों यानी ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर वहां अल्पकालिक और दीर्घकालिक सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। साथ ही अवैध कटों को बंद करने, सड़क संकेतकों को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा मानकों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

स्कूल-कॉलेजों में चलेंगे जागरूकता अभियान

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान और अधिक व्यापक स्तर पर चलाए जाएंगे। एडीएम प्रशासन ने कहा कि केवल चालान और कार्रवाई से दुर्घटनाएं कम नहीं होंगी, बल्कि लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है।

इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ट्रैफिक नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

हिट एंड रन मामलों में पीड़ित परिवारों को जल्द मिलेगी सहायता

बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए एडीएम प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र परीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। शासन की नियमावली के तहत गठित समिति के माध्यम से पीड़ित परिवारों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

“गोल्डन ऑवर” में उपचार से बच सकती हैं जानें

बैठक में केंद्र सरकार की “सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना-2025” की विशेष समीक्षा की गई। एडीएम प्रशासन ने कहा कि सड़क हादसे के बाद शुरुआती “गोल्डन ऑवर” सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि घायल को समय पर इलाज मिल जाए तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सूचीबद्ध अस्पतालों में अधिकतम ₹1.50 लाख तक का निशुल्क कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। योजना का उद्देश्य हादसे के तुरंत बाद पीड़ित को राहत और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे पोस्टर और होर्डिंग

एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए अस्पतालों, ट्रॉमा सेंटरों, एंबुलेंस सेवाओं, पेट्रोल पंपों और सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग, पोस्टर और सूचना बोर्ड लगाए जाएं। सोशल मीडिया और जनसंपर्क अभियानों के जरिए भी लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए बनेंगे होल्डिंग एरिया

बैठक में प्राधिकरणों, लोक निर्माण विभाग और सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि जनपद की प्रमुख सड़कों और ट्रैफिक प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर होल्डिंग एरिया चिन्हित किए जाएं। इससे यातायात को व्यवस्थित करने और जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।

बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ उदित नारायण पांडेय ने एजेंडा के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से प्रस्तुति दी। इस दौरान यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग, प्राधिकरणों और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।