गौतमबुद्धनगर: नॉलेज पार्क में तेज रफ्तार का कहर: स्कॉर्पियो पोल से टकराई, युवक की मौत!!
BJP जिलाध्यक्ष का भतीजा गंभीर घायल, हादसा CCTV में कैद
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। तेज गति से दौड़ रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक अलीगढ़ बीजेपी जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह का भतीजा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए दोनों युवक अलीगढ़ के जट्टारी क्षेत्र के निवासी थे। मृतक युवक की पहचान ऋषभ के रूप में हुई है, जबकि घायल गुरुदेव को गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो सड़क पर घूमती चली गई। हादसे के बाद काफी देर तक वाहन का सायरन बजता रहा, जिससे आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि वाहन अत्यधिक गति में था और कुछ ही सेकेंड में अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गया। हादसे की भयावह तस्वीरें देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान ऋषभ ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
थाना प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आ रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर बेलगाम रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया है। देर रात हाईस्पीड ड्राइविंग किस तरह जिंदगी छीन सकती है, नॉलेज पार्क का यह हादसा उसकी बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है।
