सोमवार, 25 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: पीएम सूर्यघर योजना से चमकेंगी गौतमबुद्धनगर की सोसायटियां, आरडब्ल्यूए और ग्रुप हाउसिंग को सरकार दे रही 90 लाख तक की सब्सिडी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पीएम सूर्यघर योजना से चमकेंगी गौतमबुद्धनगर की सोसायटियां, आरडब्ल्यूए और ग्रुप हाउसिंग को सरकार दे रही 90 लाख तक की सब्सिडी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सोलर रूफटॉप लगाने की अपील, सार्वजनिक क्षेत्रों की बिजली जरूरत होगी पूरी, निवासियों को मिलेगा बड़ा लाभ

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 25 मई 2026।
जनपद गौतमबुद्धनगर में अब रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में बड़ा अभियान शुरू किया गया है। उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) ने जिले की सभी हाईराइज सोसायटियों, ग्रुप हाउसिंग परिसरों और बड़े आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों से सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने की अपील की है।

प्रभारी परियोजना अधिकारी यूपीनेडा गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “पीएम सूर्यघरः मुफ्त बिजली योजना” के तहत अब सोसायटियों और बड़े भवनों को भारी अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य बिजली खर्च कम करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि जिन रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसायटियों, ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों, हाईराइज भवनों, सरकारी एवं अर्धसरकारी संस्थानों, एडेड संस्थानों, हाउसिंग और कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का क्षेत्रफल 5 हजार वर्गमीटर या उससे अधिक है, वहां सोलर पावर प्लांट की स्थापना अनिवार्य की गई है।

योजना के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा 500 किलोवाट क्षमता तक के सोलर पावर प्लांट पर ₹18,000 प्रति किलोवाट की दर से अधिकतम ₹90 लाख तक की सब्सिडी दी जा रही है। यह अनुदान विशेष रूप से सोसायटी के सार्वजनिक उपयोग वाले क्षेत्रों जैसे स्ट्रीट लाइट, वाटर पंपिंग सिस्टम, सोसायटी कार्यालय और साझा ईवी चार्जिंग स्टेशन आदि के लिए उपयोगी साबित होगा।

यूपीनेडा अधिकारियों के अनुसार आरडब्ल्यूए और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों के लिए प्रति घर अधिकतम 3 किलोवाट क्षमता तक पात्रता निर्धारित की गई है। उदाहरण के तौर पर यदि किसी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में 50 फ्लैट हैं तो वहां सामान्य क्षेत्र की निर्धारित क्षमता के अनुसार सब्सिडी का लाभ लिया जा सकता है। इसके अलावा निवासी अपनी व्यक्तिगत छतों पर अलग से सोलर रूफटॉप लगाकर भी योजना का लाभ उठा सकते हैं।

प्रभारी परियोजना अधिकारी ने जनपद की सभी आरडब्ल्यूए और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिसरों में संचालित विद्युत संयोजनों के अनुरूप सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कर शासन की इस लाभकारी योजना का अधिकतम फायदा उठाएं। इससे न केवल बिजली बिल में भारी कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।