कन्नौज: बिजली संकट पर भड़के किसान, भाकियू (अवधेश) ने दी आंदोलन की चेतावनी !!
“किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं, बिजली व्यवस्था तुरंत सुधारे विभाग” — पंडित अवधेश कुमार त्रिपाठी
दो टूक//कन्नौज/छिबरामऊ। विशुनगढ़ रोड स्थित ग्राम हृदय रामपुर बलरामपुर में आयोजित भारतीय किसान यूनियन (अवधेश) की विशाल किसान पंचायत में ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल बिजली व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। पंचायत में पहुंचे किसानों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांवों में घंटों बिजली गायब रहती है और लाइनमैन बिना पैसे लिए कोई कार्य नहीं करते। किसानों ने आरोप लगाया कि पहले जानबूझकर बिजली खराब कर दी जाती है और बाद में ठीक करने के नाम पर किसानों से अवैध वसूली की जाती है।
किसानों की समस्याएं सुनकर भारतीय किसान यूनियन (अवधेश) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अवधेश कुमार त्रिपाठी ने विद्युत विभाग पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका उत्पीड़न किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गांवों में तय शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो संगठन व्यापक जनआंदोलन और विशाल धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग के अधिकारियों की होगी।
पंडित अवधेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (अवधेश) लगातार किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई लड़ रही है। संगठन हमेशा गांव, गरीब और किसान की आवाज बनकर खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़े, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार और प्रशासन को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान करना चाहिए।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री रत्नेश दुबे ‘छोटू’ ने पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या शोषण संगठन सहन नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग को अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार करना होगा, अन्यथा किसान सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
राष्ट्रीय संरक्षक राजपाल सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (अवधेश) किसानों का सबसे लोकप्रिय और संघर्षशील संगठन बन चुका है, जो हर किसान की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाता है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के खिलाफ सबसे अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं और विभाग को अंतिम चेतावनी दी जा रही है कि वह अपनी व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करे।
रवीश चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विवेक कुमार गुप्ता के संचालन में संपन्न हुई पंचायत में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। पंचायत में आशीष सक्सेना मंडल अध्यक्ष, बंटी मिश्रा जिला उपाध्यक्ष, प्रमोद त्रिपाठी मंडल महामंत्री, दिनेश दुबे प्रदेश सचिव, संजीव पांडे राष्ट्रीय सचिव युवा प्रकोष्ठ, विमल दुबे कानपुर मंडल युवा प्रकोष्ठ, सुनील शाक्य, अवनीश टीटू, विनय कुमार दुबे, अभिषेक दुबे, राजीव शर्मा, राजेश पांडे, नवीन कुमार, कुलदीप पांडे, हेमराज, राधेश्याम प्रजापति, अनिल सक्सेना, सूरज सक्सेना, गोरेलाल सक्सेना, गोविंद शाक्य, नंद किशोर सक्सेना, सुदेश त्रिपाठी, सरवन सिंह, उमेश सिंह जिला महामंत्री, राम प्रताप सिंह, हरिबक्स सिंह, बृजकिशोर राजपूत जिला सचिव, भानु प्रताप त्रिपाठी, रूपलाल वर्मा मंडल उपाध्यक्ष, अमरदीप दीक्षित ब्लॉक उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
संगठन का हुआ विस्तार, कई पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
पंचायत के दौरान संगठन विस्तार अभियान भी चलाया गया। इस अवसर पर भानु प्रताप तिवारी उर्फ मऊ को राष्ट्रीय मंत्री, देवेंद्र तिवारी उर्फ बुटन को प्रदेश संयोजक, रजनीश दीक्षित को जिला उपाध्यक्ष, शैलेंद्र तिवारी को जिला उपाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ, राम प्रताप सिंह को उपाध्यक्ष, उमाकांत दीक्षित को तहसील उपाध्यक्ष, सुधीश चंद तिवारी को कानपुर मंडल संयोजक, रामचरण दीक्षित को मंडल मंत्री तथा वेद प्रकाश दुबे को तहसील उपाध्यक्ष छिबरामऊ नियुक्त किया गया। संगठन पदाधिकारियों ने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए किसानों के हित में मजबूती से कार्य करने का आह्वान किया।।
