सोमवार, 25 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम, नोएडा-ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के एसीईओ की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम, नोएडा-ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के एसीईओ की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

मकान सूचीकरण और मकान गणना कार्य में तेजी लाने के निर्देश, 24 घंटे में प्रगति सुधारने की चेतावनी

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 25 मई 2026।
जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्यों की समीक्षा को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपदभर में चल रहे जनगणना कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। कार्यों की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जनगणना कार्य उप निदेशक, निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ अभिमन्यु सिंह ने जिले में चल रहे कार्यों की वर्तमान स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई क्षेत्रों में मकान सूचीकरण और गणना कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन मकान सूचीकरण ब्लॉकों की समीक्षा करें और प्रगणकों व पर्यवेक्षकों की कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जनगणना से संबंधित प्रत्येक जानकारी भविष्य की सरकारी योजनाओं और विकास नीतियों का आधार बनती है, इसलिए इस कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाए।

बैठक के दौरान नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में जनगणना कार्यों की अलग से समीक्षा की गई। इस दौरान नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना अथॉरिटी के एसीईओ की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण कार्य की समीक्षा बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति गंभीर लापरवाही को दर्शाती है। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस संबंध में मुख्य सचिव को पत्र भेजा जाएगा तथा संबंधित विभागों को 24 घंटे के भीतर अपनी कार्य प्रगति में सुधार करना होगा।

उन्होंने दो टूक कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य समय पर पूरा करना होगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी अजीत कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला विज्ञान अधिकारी डोली कुमारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, चार्ज अधिकारी तथा जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ से उप निदेशक अभिमन्यु सिंह, जिला प्रभारी जनगणना प्रदीप कुमार एवं उत्कर्ष पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।।