बुधवार, 6 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल, सीवर व आवारा कुत्तों की समस्या पर गरजी आरडब्ल्यूए—सेक्टर 82 ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में विकास को लेकर बनी रणनीति!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल, सीवर व आवारा कुत्तों की समस्या पर गरजी आरडब्ल्यूए—सेक्टर 82 ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में विकास को लेकर बनी रणनीति!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-82 स्थित ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने की। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनके समाधान के लिए प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक के दौरान अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने निवासियों की प्रमुख समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए बताया कि स्मार्ट मीटर की तकनीकी खामियों के कारण बिजली मीटर तेज चल रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिजली बिल का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत के बावजूद चेक मीटर लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं से शुल्क लिया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब समस्या तकनीकी है तो इसका समाधान बिजली विभाग की जिम्मेदारी है और चेक मीटर बिना किसी शुल्क के लगाए जाने चाहिए।

राघवेंद्र दुबे, जो लंबे समय से क्षेत्रीय जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय और मुखर भूमिका निभाते रहे हैं, ने बैठक में कहा कि आरडब्ल्यूए का उद्देश्य केवल समस्याएं उठाना ही नहीं बल्कि उनके स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी मुद्दों को संबंधित विभागों तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।

बैठक में यह भी सामने आया कि कई बिजली के पोल जर्जर हो चुके हैं और कई स्थानों पर केबल खुले में पड़ी हैं, जो दुर्घटनाओं को न्योता दे रही हैं। इन केबलों को अंडरग्राउंड कराने की मांग की गई। वहीं, सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोग लगातार परेशान हैं। पॉकेट की पुरानी सीवर लाइन को बदलकर नई लाइन डालने की आवश्यकता पर जोर दिया गया, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके। साथ ही टूटे हुए सीवर ढक्कनों को ठीक करने और सड़क के स्तर के अनुसार उन्हें व्यवस्थित करने की भी मांग उठाई गई।

बैठक में आवारा और आक्रामक कुत्तों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। निवासियों ने बताया कि कई लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस पर आरडब्ल्यूए ने कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो बड़ी घटना हो सकती है।

इसके अलावा पार्कों के सुंदरीकरण और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और आरडब्ल्यूए पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष रवि राघव, कोषाध्यक्ष सुशील पाल सहित गोरे लाल, उत्तम चंद्रा, पप्पू सिंह, रमेश शर्मा, विकास कुमार, सुभाष शर्मा, राजवीर सिंह, महेंद्र सिंह, अनूप सिंह, सेंसर पाल, अंगद सिंह, नवल मिश्रा, गुड्डू चौधरी, अनूप शर्मा, हंसमणि शुक्ला, दिनेश पाठक, बीके भारद्वाज, राजेश पाठक समेत अनेक निवासी उपस्थित रहे।।