गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में ‘लिफ्ट गैंग’ का भंडाफोड़: राहगीरों और टैक्सी ड्राइवरों को बनाते थे निशाना, 5 बदमाश गिरफ्तार!!
सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 मोबाइल, दो लग्जरी कारें और अवैध हथियार बरामद
दो टूक//ग्रेटर नोएडा में राह चलते लोगों और टैक्सी चालकों को लिफ्ट देने के बहाने लूटने वाले एक शातिर गिरोह का थाना सूरजपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी और लूट के 20 मोबाइल फोन, दो लग्जरी कारें, नकदी, कार की चाबी और अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रात के समय नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर की सड़कों पर घूमते थे। ये राहगीरों को लिफ्ट देने के नाम पर अपनी गाड़ी में बैठाते और फिर सुनसान जगह पर ले जाकर उनके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान लूट लेते थे। इतना ही नहीं, टैक्सी चालकों को भी यह गैंग अपना निशाना बनाता था।
टैक्सी ड्राइवरों को डराकर करते थे लूट
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जानबूझकर अपनी गाड़ी टैक्सी के आगे लहराते हुए चलाते थे। जब चालक विरोध करता तो आरोपी उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर मोबाइल, नकदी और जरूरी सामान छीन लेते थे। कई मामलों में आरोपी वाहन की चाबी भी छीनकर फरार हो जाते थे ताकि पीड़ित उनका पीछा न कर सके।
इसी तरह 16 मई 2026 को सेक्टर ईटा-01 के पास एक टैक्सी चालक को आरोपियों ने रोका और मारपीट कर उससे ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये और कार की चाबी लूट ली थी। पुलिस ने इस घटना में इस्तेमाल की गई चाबी, मोबाइल और 4 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं।
किराये की कारों से देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी वारदात के लिए ज्यादातर किराये की कारों का इस्तेमाल करते थे। घटना के बाद गाड़ियों को वापस मालिकों को लौटा दिया जाता था ताकि पुलिस को उन तक पहुंचने में दिक्कत हो। गिरोह लगातार गाड़ियां बदल-बदलकर नोएडा और एनसीआर में लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
पुलिस ने ऐसे दबोचा गैंग
थाना सूरजपुर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और सर्विलांस की मदद से सेक्टर ईटा-01 के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित सिंह, दीपान्शु, तरुण ठाकुर, नवाब भाटी उर्फ संदीप भाटी और मोहित राजपूत के रूप में हुई है।
बरामदगी ने खोले कई राज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
- चोरी और छिनैती के 19 मोबाइल फोन
- लूट की घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन
- 4 हजार रुपये नकद
- हुंडई कार की चाबी
- वेन्यू और थार कार
- 2 अवैध तमंचे और कारतूस
- 3 अवैध चाकू
बरामद किए हैं।
मौज-मस्ती के लिए करते थे वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटे गए पैसे आपस में बांटकर मौज-मस्ती और शौक पूरे करने में खर्च किए जाते थे। मोबाइल फोन बाद में बेच दिए जाते थे और उससे मिले पैसों का इस्तेमाल निजी खर्चों में किया जाता था।
कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
गिरफ्तार आरोपियों में मोहित राजपूत के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे मामले शामिल हैं। वहीं अन्य आरोपियों के खिलाफ भी लूट और अवैध हथियार रखने के मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इनके द्वारा की गई अन्य वारदातों की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।
