गौतमबुद्धनगर: साइबर ठगी का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त: फर्जी कंपनियों के जरिए करोड़ों की हेराफेरी करने वाले गैंग के 3 शातिर गिरफ्तार!!
नोएडा साइबर क्राइम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी फर्मों के बैंक खातों में आता था ठगी का पैसा
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो फर्जी कंपनियां बनाकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और उन खातों के माध्यम से देशभर में होने वाली साइबर ठगी की रकम को ठिकाने लगाने का काम करता था। पुलिस ने इस गैंग के तीन शातिर सदस्यों को सेक्टर-44 नोएडा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अविनाश झा, हिमांशु कुमार और जितेन्द्र दहिया उर्फ आशू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 5 मोबाइल फोन, 2800 रुपये नकद, एक मोहर तथा विभिन्न दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना साइबर क्राइम टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और तकनीकी निगरानी के आधार पर यह कार्रवाई की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी कंपनियां तैयार कर उनके नाम से विभिन्न बैंकों में करंट अकाउंट खुलवाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड और अन्य डिजिटल अपराधों से प्राप्त रकम को प्राप्त करने तथा आगे विभिन्न माध्यमों से ट्रांसफर कर उसे वैध दिखाने के लिए किया जाता था।
जांच के दौरान इन बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और धन के स्रोतों की गहन जांच कर रही है।
कई राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, पंजाब समेत कई राज्यों में साइबर धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह गैंग अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और लंबे समय से साइबर अपराधों को अंजाम दे रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त
- अविनाश झा पुत्र मिथलेश झा, निवासी स्वरुप विहार, दिल्ली, उम्र 29 वर्ष
- हिमांशु Kumar पुत्र मदन प्रसाद यादव, निवासी स्वरुप विहार, दिल्ली, उम्र 26 वर्ष
- जितेन्द्र दहिया उर्फ आशू पुत्र विजय कुमार, निवासी नागलोई, दिल्ली, उम्र 27 वर्ष
दर्ज मुकदमा
थाना साइबर क्राइम, गौतमबुद्धनगर में अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0-055/2026 के तहत धारा 318(4), 336(3), 61(2) बीएनएस एवं 66(D) आईटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की अपील: सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने नाम से बैंक खाता या कंपनी रजिस्टर न कराएं और न ही किसी को अपने बैंक खाते का उपयोग करने दें। साथ ही ओटीपी, यूपीआई पिन, नेट बैंकिंग पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या पर शिकायत दर्ज कराए।।
