कनौज: किसानों की समस्याओं को लेकर 24 मई को छिबरामऊ में गरजेगी भारतीय किसान यूनियन अवधेश की महापंचायत!!
दो टूक//छिबरामऊ, कन्नौज।
भारतीय किसान यूनियन अवधेश द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं कृषि क्षेत्र में आ रही परेशानियों को लेकर आगामी रविवार 24 मई को छिबरामऊ के विष्णुगढ़ रोड स्थित हृदय रामपुर में विशाल किसान पंचायत का आयोजन किया जाएगा। पंचायत का समय सायं 3 बजे निर्धारित किया गया है। संगठन की इस महत्वपूर्ण पंचायत में कन्नौज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, इटावा और औरैया जनपदों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे।
पंचायत में किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं, सरकारी विभागों एवं अधिकारियों द्वारा उत्पन्न की जा रही परेशानियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं पर खुलकर अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा। संगठन के पदाधिकारी किसानों की समस्याओं को सुनकर आगे की रणनीति तैयार करेंगे तथा किसान हितों की लड़ाई को और मजबूत करने की रूपरेखा तय करेंगे।
किसान पंचायत को सफल बनाने के उद्देश्य से संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय, तहसील के पूर्वी गेट पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत की तैयारियों, अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने तथा कार्यक्रम को व्यापक रूप देने पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने गांव-गांव जाकर किसानों को पंचायत में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन अवधेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अवधेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि संगठन हमेशा किसानों, मजदूरों और ग्रामीण समाज के अधिकारों की आवाज बुलंद करता रहा है। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन आज वही किसान विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है। संगठन किसानों के सम्मान, अधिकार और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्षरत है।
पंडित अवधेश कुमार त्रिपाठी को किसान हितों के प्रखर प्रवक्ता और जुझारू नेता के रूप में जाना जाता है। वर्षों से वह किसानों की आवाज को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। ग्रामीण अंचलों में उनकी मजबूत पकड़ और किसान वर्ग में उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
बैठक में कानपुर मंडल अध्यक्ष डॉ. राजू पाल, राष्ट्रीय संगठन मंत्री रत्नेश कुमार दुबे, रूपलाल वर्मा मंडल उपाध्यक्ष कानपुर, सरमन सिंह राजपूत जिला अध्यक्ष मजदूर मोर्चा कन्नौज तथा रामेंद्र सिंह यादव फौजी प्रदेश महासचिव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अवधेश कुमार त्रिपाठी द्वारा पंचायत की सफलता के लिए सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही पंचायत में आने वाले सभी पदाधिकारियों एवं किसानों के लिए भोजन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
संगठन पदाधिकारियों ने दावा किया कि यह किसान पंचायत क्षेत्र में किसानों की आवाज को नई मजबूती देने का कार्य करेगी और आने वाले समय में किसान हितों को लेकर बड़ा आंदोलन भी खड़ा किया जा सकता है।।
