सोमवार, 25 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: हाफीजपुर की झुग्गियों में लगी भीषण आग, 25 झोपड़ियां जलकर राख — सीएम योगी ने लिया संज्ञान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: हाफीजपुर की झुग्गियों में लगी भीषण आग, 25 झोपड़ियां जलकर राख — सीएम योगी ने लिया संज्ञान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खेरली हाफीजपुर में सोमवार को भीषण गर्मी के बीच झुग्गी-झोपड़ियों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की झुग्गियों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए काफी देर बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक करीब 25 झुग्गियां जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थीं। राहत की बात यह रही कि इस दर्दनाक हादसे में अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) ने घटना को लेकर आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर भेजी गईं और तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह गैस सिलेंडर का रिसाव माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।

आग लगने के दौरान स्थानीय लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफलता पाई, लेकिन कई परिवारों का घरेलू सामान, कपड़े और जरूरी दस्तावेज आग में जलकर राख हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने भी मामले का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करने तथा आर्थिक नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुटे रहे।

फिलहाल दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है। वहीं पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।।