शनिवार, 9 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा डबल मर्डर का 24 घंटे में खुलासा: हॉस्टल में सो रहे दो मजदूरों को फावड़े से उतारा मौत के घाट, पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा डबल मर्डर का 24 घंटे में खुलासा: हॉस्टल में सो रहे दो मजदूरों को फावड़े से उतारा मौत के घाट, पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में निर्माणाधीन हॉस्टल के भीतर हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में दोहरे हत्याकांड की पूरी साजिश और वारदात को कबूल कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 8 मई 2026 को नॉलेज पार्क तृतीय स्थित एक निर्माणाधीन हॉस्टल में दो मजदूरों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतकों की पहचान शीशपाल पुत्र दौलतराम और इन्द्र उर्फ धर्मेंद्र पुत्र विजयपाल के रूप में हुई थी। दोनों के सिर और शरीर पर फावड़े से कई वार किए गए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 9 मई को गुर्जरपुर रेलवे लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से आरोपी अभिषेक कुमार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी अभिषेक कुमार ने बताया कि वह 6 मई को दोनों मृतकों के साथ निर्माणाधीन हॉस्टल में माली का काम करने आया था। उसने खुलासा किया कि मृतक शीशपाल से उसका पुराना विवाद चल रहा था। आरोपी के अनुसार, उसकी मृत बहन के शीशपाल से संबंध थे, जिसको लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव था। आरोपी ने आरोप लगाया कि शीशपाल और इन्द्र उसे लगातार ताने मारते थे, जिसके कारण उसने दोनों की हत्या की योजना बनाई।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पहले दोनों को शराब पिलाई, जबकि खुद कम शराब पी ताकि वह होश में रहे। देर रात जब दोनों गहरी नींद में सो गए, तब उसने फावड़े से शीशपाल के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। शोर सुनकर जब इन्द्र उर्फ धर्मेंद्र जाग गया, तो आरोपी ने उस पर भी फावड़े से कई वार कर मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक कुमार पुत्र राजकुमार निवासी जयभीमनगर, गढ़ रोड, थाना भावनपुर जिला मेरठ के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई जा रही है।

इस मामले में थाना नॉलेज पार्क में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।।