शनिवार, 9 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फर्जी टूर पैकेज का बड़ा खेल बेनकाब: ‘रेंजर्स क्लब’ के 3 डायरेक्टर गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का खुलासा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फर्जी टूर पैकेज का बड़ा खेल बेनकाब: ‘रेंजर्स क्लब’ के 3 डायरेक्टर गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का खुलासा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा पुलिस ने टूर पैकेज के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-24 पुलिस की इस कार्रवाई में फर्जी दस्तावेज, नकली आई कार्ड, फर्जी मोहरें और समझौता पत्र (MOU) समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। आरोपी खुद को पर्यटन मंत्रालय से जुड़ा बताकर लोगों को महंगे टूर पैकेज का झांसा देते थे और रकम लेने के बाद वादा की गई सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराते थे।

पुलिस के मुताबिक, 8 मई 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-32 स्थित एक मॉल में कार्रवाई करते हुए “रेंजर्स क्लब” नामक कंपनी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान खान, अभय कुमार और शैलेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। तीनों खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताते थे और मिलकर लोगों को विदेश व देश के आकर्षक टूर पैकेज दिखाकर ठगी को अंजाम देते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लालच में आकर ग्राहकों को शानदार होटल, एयर टिकट, लग्जरी सुविधाएं और विशेष ऑफर का प्रलोभन देते थे। ग्राहक जब पैकेज बुक कर रकम जमा कर देते थे तो उन्हें या तो सुविधाएं नहीं दी जाती थीं या फिर संपर्क बंद कर दिया जाता था। आरोपियों ने यह भी कबूला कि उन्होंने कई लोगों के साथ धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये कमाए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने खुद को विश्वसनीय दिखाने के लिए “मिनिस्ट्री ऑफ टूरिज्म, गवर्नमेंट ऑफ इंडिया” के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर रखे थे। इन कूटरचित दस्तावेजों और नकली आई कार्ड को ग्राहकों को दिखाकर भरोसा जीता जाता था। पुलिस ने मौके से 3 फर्जी आई कार्ड, 180 फर्जी विजिटिंग कार्ड, 14 नकली मोहरें और 15 फर्जी MOU दस्तावेज बरामद किए हैं।

इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक क्रेटा कार और 7100 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है ताकि ठगी से अर्जित रकम और अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा सके।

गिरफ्तार आरोपियों में इमरान खान दिल्ली के सौरभ विहार का निवासी है, जबकि अभय कुमार वर्तमान में नोएडा सेक्टर-48 में रह रहा था। तीसरा आरोपी शैलेन्द्र सिंह सेक्टर-75 स्थित एक सोसाइटी में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

इस मामले में थाना सेक्टर-24 नोएडा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा ठगी का दायरा कितना बड़ा है। नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि इससे टूर और ट्रैवल के नाम पर चल रहे एक संगठित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है।