मंगलवार, 19 मई 2026

गौतमबुद्धनगर में ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 206 वाहन पकड़े गए!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 206 वाहन पकड़े गए!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 19 मई 2026।
जनपद में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा मई माह में लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 206 ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान भारी प्रशमन शुल्क भी लगाया गया और कई वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों में निरुद्ध कराया गया।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गौतमबुद्धनगर डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि जनपद में ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग लगातार प्रवर्तन अभियान चला रहा है। इसी क्रम में सहायक संभागीय अधिकारी (प्रवर्तन) नन्द कुमार, अभिषेक कनौजिया और यात्रीकर अधिकारियों की टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए मई माह में 206 ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान पकड़े गए वाहनों को सेक्टर-142, जेवर, नॉलेज पार्क, बादलपुर और डी-पार्क सेक्टर-62 थाना क्षेत्रों में निरुद्ध कराया गया। विभाग द्वारा इन वाहनों पर कुल 1 करोड़ 29 लाख 40 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क आरोपित किया गया, जबकि अब तक 50 लाख 80 हजार रुपये की वसूली की जा चुकी है।

परिवहन विभाग ने कहा कि ओवरलोडिंग सड़क हादसों का बड़ा कारण बनती जा रही है। अधिक वजन के कारण वाहनों का संतुलन बिगड़ने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे ब्रेक फेल, टायर फटना और वाहन पलटने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। इससे वाहन चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है।

अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोडिंग से वाहनों के इंजन, सस्पेंशन, ब्रेक और टायर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे वाहन जल्दी खराब हो जाते हैं और वाहन मालिकों का खर्च बढ़ जाता है। इसके अलावा अधिक वजन वाले वाहन सड़कों को भी तेजी से नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे सड़कें समय से पहले खराब हो जाती हैं और सरकार को मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है।

विभाग ने यह भी बताया कि ओवरलोड वाहन अधिक ईंधन की खपत करते हैं, जिससे परिवहन लागत बढ़ने के साथ पर्यावरण प्रदूषण भी बढ़ता है। मोटर वाहन अधिनियम के तहत ओवरलोडिंग पूरी तरह गैरकानूनी है और पकड़े जाने पर भारी जुर्माना, वाहन जब्ती, परमिट निरस्तीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस पर कार्रवाई की जा सकती है।

परिवहन विभाग ने सभी ट्रक चालकों, वाहन मालिकों और परिवहन कारोबारियों से अपील करते हुए कहा कि वाहनों की निर्धारित क्षमता का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।।