गुरुवार, 14 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: भारत शिक्षा एक्सपो-2026 का भव्य आगाज़, शिक्षा, तकनीक और कौशल विकास का बना राष्ट्रीय मंच!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: भारत शिक्षा एक्सपो-2026 का भव्य आगाज़, शिक्षा, तकनीक और कौशल विकास का बना राष्ट्रीय मंच!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में गुरुवार को भारत शिक्षा एक्सपो-2026 के तृतीय संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस विशाल आयोजन में देश-विदेश के शिक्षण संस्थानों, शिक्षा विशेषज्ञों, उद्योग जगत, एडटेक कंपनियों, करियर काउंसलरों और विद्यार्थियों का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। शिक्षा, नवाचार, तकनीक और कौशल विकास को समर्पित यह आयोजन भविष्य की शिक्षा प्रणाली को नई दिशा देने वाला मंच बनकर उभरा।

इंडिया एक्सपो मार्ट द्वारा आयोजित इस एक्सपो को ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण का सहयोग प्राप्त है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, रोजगारपरक कौशल और वैश्विक अवसरों से जोड़ना है।

उद्घाटन समारोह में आईपीएस पूर्व अधिकारी एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स फाउंडेशन के एडवाइजरी बोर्ड सदस्य अनिल प्रथम, फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया (FOEII) के चेयरमैन डॉ. जहीर खान, नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) के सलाहकार डॉ. संदीप सिंह कौरा तथा इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुदीप सरकार सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

अपने संबोधन में अनिल प्रथम ने कहा कि वर्तमान दौर में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग और स्किल बेस्ड एजुकेशन अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने फॉरेंसिक साइंस, साइबर क्राइम, क्रिमिनोलॉजी और लेबोरेटरी साइंसेज़ जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत शिक्षा एक्सपो जैसे आयोजन विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन प्रदान कर उनके भविष्य को नई दिशा देते हैं।

डॉ. जहीर खान ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि भारत को पुनः “विश्व गुरु” बनाने के लिए एक मजबूत कौशल-आधारित शिक्षा व्यवस्था तैयार करना है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों का उल्लेख करते हुए समावेशी शिक्षा, व्यवहारिक शिक्षण और रिसर्च आधारित अध्ययन को समय की मांग बताया।

एनएसडीसी के सलाहकार डॉ. संदीप सिंह कौरा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “डिग्री केवल पासपोर्ट है, जबकि कौशल वह वीज़ा है जो वैश्विक अवसरों के द्वार खोलता है।” उन्होंने भारत को दुनिया की “स्किल कैपिटल” बनाने पर जोर देते हुए युवाओं से आधुनिक तकनीकी दक्षताओं को अपनाने का आह्वान किया।

इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड के सीईओ सुदीप सरकार ने कहा कि भारत शिक्षा एक्सपो-2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि शिक्षा, तकनीक, नवाचार और करियर विकास का व्यापक मंच है। उन्होंने बताया कि आयोजन में विद्यार्थियों के लिए हैकाथॉन, वर्कशॉप्स, क्विज, मास्टर क्लासेस और इंटरएक्टिव लर्निंग एक्टिविटीज जैसी गतिविधियों का विशेष आयोजन किया गया है, जिससे उन्हें अनुभवात्मक शिक्षा का लाभ मिल सके।

एक्सपो में देश और विदेश के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, एडटेक कंपनियों, स्टडी-अब्रॉड कंसल्टेंट्स, स्किल डेवलपमेंट संगठनों और करियर काउंसलिंग एजेंसियों की भागीदारी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके साथ ही AR/VR अनुभव, रोबोटिक्स वर्कशॉप, डिजाइन थिंकिंग सत्र और करियर काउंसलिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से रूबरू करा रहे हैं।

तीन दिवसीय आयोजन के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर आधारित प्रिंसिपल्स कॉन्फ्रेंस और फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया द्वारा आयोजित “विश्व गुरु सम्मेलन” भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन मंचों पर शिक्षा सुधार, डिजिटल लर्निंग, स्किल इंटीग्रेशन और वैश्विक ज्ञान अर्थव्यवस्था में भारत की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन होगा।

हाल ही में घोषित सीबीएसई परीक्षा परिणामों के बाद यह एक्सपो विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए और अधिक महत्वपूर्ण बन गया है। यहां छात्र सीधे विशेषज्ञों और संस्थानों से संवाद कर उच्च शिक्षा, विदेश अध्ययन, नवाचार, उद्यमिता और करियर विकल्पों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

भारत शिक्षा एक्सपो-2026 का आयोजन 16 मई तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में जारी रहेगा, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक पहुंच रहे हैं।