गौतमबुद्धनगर: बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, 17 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा!!
एडीएम न्यायिक की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक, नकलविहीन परीक्षा कराने के दिए सख्त निर्देश
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 29 मई 2026।
जनपद गौतमबुद्धनगर में आगामी 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड.-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़ी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया।
बैठक में जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा की व्यवस्थाओं को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ गहन चर्चा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं शासन की गाइडलाइन एवं मानकों के अनुरूप पूरी कर ली जाएं।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी मूलभूत सुविधाओं एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कर लें। किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत कमी पाए जाने पर तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संचालन से संबंधित दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करने के लिए कहा गया, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की स्थिति उत्पन्न न हो।
वहीं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की विशेष जांच की जाए, जिससे परीक्षा की शुचिता बनी रहे और किसी भी प्रकार की नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
इस अवसर पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से आए प्रोफेसरों द्वारा परीक्षा संचालन से संबंधित गाइडलाइन एवं निर्धारित मानकों की विस्तृत जानकारी उपस्थित अधिकारियों को दी गई। बैठक में प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, समस्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।।
