गौतमबुद्धनगर: बीटा-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो बदमाश गिरफ्तार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना बीटा-2 पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक संभावित वारदात को समय रहते विफल कर दिया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दिनांक 28/29 मई 2026 की रात थाना बीटा-2 पुलिस टीम द्वारा लोकल इंटेलिजेंस एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान कार्रवाई की गई। इसी दौरान थाना क्षेत्र से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जो लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पूछताछ में आरोपियों की पहचान मनीष पुत्र दया सिंह तथा प्रशान्त पुत्र विरेश तोमर के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी गौतमबुद्धनगर क्षेत्र में रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर मय एक जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की।
थाना बीटा-2 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।
