शुक्रवार, 8 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: 1857 की क्रांति की 170वीं वर्षगांठ पर मेरठ में जुटेगा गुर्जर समाज, जन जागृति सम्मेलन को लेकर अशोक भाटी ने किया बड़ा आह्वान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 1857 की क्रांति की 170वीं वर्षगांठ पर मेरठ में जुटेगा गुर्जर समाज, जन जागृति सम्मेलन को लेकर अशोक भाटी ने किया बड़ा आह्वान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा/मेरठ। 1857 की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल की स्मृति में आगामी 10 मई 2026 को मेरठ स्थित सुभारती विश्वविद्यालय में विशाल गुर्जर जन जागृति सम्मेलन एवं समाज उत्थान विचार संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों को लेकर नोएडा में गुर्जर महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी ने की।

बैठक में समाज के विभिन्न राज्यों से जुड़े पदाधिकारियों और प्रबुद्धजनों ने भाग लिया तथा सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जागरूकता और युवाओं के भविष्य को लेकर सकारात्मक संवाद स्थापित करना बताया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल ने 1857 की क्रांति में जो योगदान दिया, वह भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उन्होंने कहा कि धनसिंह कोतवाल को भारत रत्न दिए जाने की मांग लगातार तेज हो रही है और समाज इस मांग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सम्मान की मांग नहीं, बल्कि देशभक्ति और इतिहास के सम्मान की आवाज है।

गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने सम्मेलन को समाज की नई दिशा तय करने वाला आयोजन बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक सभा नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, शिक्षा और सामाजिक उत्थान का मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को शिक्षित, संगठित और जागरूक बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अशोक भाटी ने विशेष रूप से युवाओं और बुद्धिजीवियों से सम्मेलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

अशोक भाटी ने कहा कि 10 मई 1857 की रात 9 बजे जिस क्रांति की ज्वाला भड़की थी, उसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। उस ऐतिहासिक क्रांति के 170 वर्ष पूर्ण होने पर गुर्जर महासभा देशभर के राष्ट्रभक्त नागरिकों से आह्वान करती है कि वे मेरठ पहुंचकर इस गौरवशाली आयोजन का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि जो लोग कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच पाएंगे, वे भी रात 9 बजे अपने मोबाइल की फ्लैश लाइट या कैंडल जलाकर क्रांति की उस ज्योति को प्रज्वलित करें और देशभक्ति का संदेश फैलाएं।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में समाज के लोग सम्मेलन में शामिल होंगे। गौतमबुद्ध नगर से भी बसों और निजी वाहनों के माध्यम से हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है।

बैठक में राष्ट्रीय महासचिव राजपाल कसाना, रामकेश चपराना, जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, नरेंद्र नागर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और आयोजकों का दावा है कि यह कार्यक्रम सामाजिक एकता और जागरूकता का बड़ा संदेश देगा।।