शनिवार, 23 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: रोही गांव में 15 वर्षीय गोपाल की संदिग्ध मौत से सनसनी, बंद पड़े मकान में मिला शव; शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रोही गांव में 15 वर्षीय गोपाल की संदिग्ध मौत से सनसनी, बंद पड़े मकान में मिला शव; शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। जनपद गौतमबुद्धनगर के थाना जेवर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रोही में 15 वर्षीय किशोर गोपाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लापता चल रहे नाबालिग का शव गांव के ही एक बंद पड़े मकान में मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के शरीर पर चोट के गहरे निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।

जानकारी के अनुसार, गोपाल बीते दिन अचानक घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने थाना जेवर में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गुमशुदगी का अभियोग पंजीकृत कर किशोर की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस टीम लगातार परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उसकी खोजबीन में जुटी हुई थी।

इसी बीच शुक्रवार को स्थानीय पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रोही स्थित एक खाली पड़े मकान में एक किशोर का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना जेवर पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान शव की पहचान लापता गोपाल के रूप में हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोपाल के शरीर पर कई चोटों के निशान दिखाई दिए, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया। परिजनों का आरोप है कि गोपाल की बेरहमी से हत्या की गई है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

मामले को लेकर ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि 22 मई 2026 को थाना जेवर पर गोपाल के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना दर्ज कराई गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों को सक्रिय कर किशोर की तलाश शुरू कर दी गई थी। इसी दौरान उसका शव गांव के एक खाली मकान से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।।