रविवार, 3 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 15 दिन के अभियान में 17 तस्कर गिरफ्तार, 2387 लीटर शराब बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 15 दिन के अभियान में 17 तस्कर गिरफ्तार, 2387 लीटर शराब बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर | पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा जोन में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह के पर्यवेक्षण में चल रहे 15 दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने तस्करों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।

अभियान के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा जोन पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए कुल 17 अभियोग पंजीकृत किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में 2387 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है, जो क्षेत्र में अवैध कारोबार के बड़े नेटवर्क की ओर संकेत करती है।

इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई है। अभियान के दौरान 180 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 292 बीएनएस एवं 170 बीएनएसएस के तहत विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस का यह कदम न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इससे आमजन में सुरक्षा और अनुशासन का संदेश भी गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।।