गौतमबुद्धनगर: 13 मई को लगेगा किसान दिवस, किसानों की समस्याओं के समाधान के साथ मिलेगी नई कृषि तकनीकों की जानकारी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर प्रशासन द्वारा 13 मई 2026 को किसान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम विकास भवन स्थित सभागार में सुबह 11 बजे से शुरू होगा, जिसमें जनपद के प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के सामने रख सकेंगे।
उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया जाता है, ताकि किसानों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद का अवसर मिल सके। इस दौरान किसानों की कृषि, सिंचाई, बिजली, पशुपालन, सहकारिता और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में किसानों को कृषि क्षेत्र में विकसित हो रही नई तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों और उत्पादन बढ़ाने के आधुनिक उपायों की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड के निष्कर्षों के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन में वृद्धि हो सके।
किसान दिवस कार्यक्रम में कृषि विभाग, उद्यान विभाग, सहकारिता विभाग, मत्स्य विभाग, दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक, अग्रणी बैंक प्रबंधक और इंश्योरेंस कम्पनी के प्रतिनिधि भी किसानों को योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी देंगे।
प्रशासन की ओर से जनपद के सभी किसानों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके और वे आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
किसानों को कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय में कार्यरत विषय वस्तु विशेषज्ञ राजकिशोर के मोबाइल नंबर 8448211463 पर संपर्क करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।।
