गौतमबुद्धनगर: दो बहनों ने रचा इतिहास: UPPCS में चयनित होकर बनीं असिस्टेंट कमिश्नर, समाज ने किया भव्य सम्मान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर/दादरी:
ग्रेटर नोएडा गांव डेरी मच्छा, दादरी निवासी किसान परिवार की दो बेटियों ने अपनी मेहनत और लगन से वह मुकाम हासिल किया है, जिसने पूरे जिले ही नहीं बल्कि प्रदेश को गर्व से भर दिया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) की परीक्षा में श्री मनवीर नागर की पुत्रियां नेहा नागर (रैंक 156) एवं निधि नागर (रैंक 161) ने उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करते हुए असिस्टेंट कमिश्नर (कॉमर्शियल टैक्स) के पद पर चयनित होकर इतिहास रच दिया है।
इस दोहरी सफलता ने न सिर्फ परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि समाज में बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण का एक सशक्त संदेश भी दिया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा द्वारा दोनों प्रतिभाशाली बेटियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उन्हें पुष्प गुच्छ, शॉल एवं महासभा का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी, जयप्रकाश विकल, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुनील भाटी, गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ जनों ने बेटियों की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए उनके संघर्ष और परिश्रम की सराहना की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि एक ही परिवार की दो बेटियों का एक साथ प्रशासनिक अधिकारी बनना समाज के लिए अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने माता-पिता श्री मनवीर नागर एवं श्रीमती वीरवती के संस्कारों और सहयोग को इस सफलता का आधार बताया और कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि नेहा और निधि नागर की यह सफलता समाज में बेटियों की क्षमता और प्रतिभा का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज के दौर में बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, जरूरत है तो सिर्फ सही दिशा और अवसर देने की। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन दोनों बहनों से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें।
जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने दोनों बहनों की उपलब्धि को पूरे गुर्जर समाज के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि किसान परिवार से निकलकर इस तरह की बड़ी सफलता हासिल करना आसान नहीं होता। उन्होंने बताया कि श्री मनवीर नागर वर्तमान में महासभा में प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने अपने परिवार में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। अशोक भाटी ने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि परिवार में सकारात्मक माहौल और शिक्षा का महत्व हो, तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि दोनों बेटियों ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की, जहां से उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की मजबूत नींव रखी। यह सफलता उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है।
परिवार की बड़ी बेटी नीति नागर पहले ही चिकित्सा क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने एमबीबीएस और एमडी की डिग्री प्राप्त कर वर्तमान में हमदर्द अस्पताल, दिल्ली में सेवाएं दे रही हैं। वहीं परिवार के भतीजे अरुण नागर भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं, जो इस परिवार की देश सेवा और उत्कृष्टता की परंपरा को दर्शाता है।
आज इस शिक्षित, संस्कारी और प्रेरणादायक परिवार की उपलब्धि पर न केवल गौतमबुद्धनगर बल्कि पूरा उत्तर प्रदेश स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। नेहा और निधि नागर की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल बन चुकी है, जो यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।।
