गौतमबुद्धनगर: 2 वर्षीय मासूम को सकुशल ढूंढकर पुलिस ने परिवार से मिलाया, परिजनों ने जताया आभार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर
दो टूक// गौतमबुद्धनगर में थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां महज 2 वर्षीय गुमशुदा बच्चे को सुरक्षित तलाश कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्यवाही से न सिर्फ एक परिवार की खुशी लौट आई, बल्कि पुलिस की कार्यशैली पर भी लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 08 अप्रैल 2026 को थाना एक्सप्रेस-वे पर एक महिला ने सूचना दी कि उसका लगभग 2 वर्ष का मासूम बेटा अचानक लापता हो गया है। परिजनों द्वारा आसपास काफी तलाश करने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगालना शुरू किया। लगातार प्रयासों और सूझबूझ के चलते पुलिस ने कुछ ही समय में बच्चे का लोकेशन ट्रेस कर लिया।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और समर्पण के लिए आभार व्यक्त करते हुए खुलकर प्रशंसा की।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि गौतमबुद्धनगर पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है !!
