गौतमबुद्धनगर:नोएडा में बड़ा आतंकी साजिश का भंडाफोड़: UP ATS ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, पाकिस्तान कनेक्शन के संकेत!!
दो टूक//नोएडा/मेरठ। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संभावित आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। टीम ने नोएडा से दो संदिग्ध आरोपियों—तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्लाह अली खान (निवासी मेरठ) और समीर खान (निवासी सीमापुरी, दिल्ली)—को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में दोनों के पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क से जुड़े होने और Inter-Services Intelligence (ISI) से संपर्क के संकेत मिले हैं।
सोशल मीडिया के जरिए बने पाकिस्तानी गैंगस्टरों से संबंध
ATS के अनुसार, दोनों आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टरों के संपर्क में आए थे। जांच में सामने आया है कि इनका संपर्क कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट से था, जो भारत में आपराधिक और आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिलाने की साजिश रच रहे थे।
टारगेट किलिंग और ग्रेनेड हमले की साजिश
जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपियों को उत्तर प्रदेश में “टारगेट किलिंग” और प्रभावशाली लोगों के घरों पर हैंड ग्रेनेड से हमले करने का टास्क दिया गया था। तुषार चौहान को इस मिशन के बदले 3 लाख रुपये देने का लालच दिया गया था। वहीं समीर खान को दीवारों और सार्वजनिक स्थानों पर “TTH” (तहरीक-ए-तालिबान) लिखने का काम सौंपा गया था, जिससे दहशत फैल सके।
मेरठ में बड़ी वारदात की थी तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, तुषार चौहान मेरठ की वैष्णो धाम कॉलोनी में रह रहा था और हाल ही में कैंट क्षेत्र के पास किराए के फ्लैट में शिफ्ट हुआ था। ATS को आशंका है कि मेरठ और आसपास के इलाकों में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी चल रही थी।
लोगों को धमकी देने के भी आरोप
दोनों आरोपियों पर कई लोगों को धमकी देने के भी आरोप हैं। जांच एजेंसियां अब इनके नेटवर्क, फंडिंग और अन्य संभावित साथियों की जानकारी जुटाने में लगी हैं।
ATS की सतर्कता से टली बड़ी साजिश
ATS अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और कई अहम खुलासों की उम्मीद है।।
