गाज़ियाबाद: पर्वत की चोटियों से सियासत तक: यूथ आइकन सागर कसाना ने थामा समाजवादी पार्टी का दामन!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//लखनऊ, गाजियाबाद!! अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके युवा पर्वतारोही और यूथ आइकन Sagar Kasana ने अब सार्वजनिक जीवन में एक नई पारी की शुरुआत करते हुए समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने स्वयं मंच से उन्हें सदस्यता दिलाई। इस अवसर को सागर कसाना के जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है, जहां उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया।
सागर कसाना, जो अपने साहस, दृढ़ संकल्प और कठिन परिस्थितियों में भी सफलता हासिल करने के लिए जाने जाते हैं, अब युवाओं के बीच एक नई भूमिका में नजर आएंगे। पर्वतारोहण के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों से उन्होंने न सिर्फ गाजियाबाद बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। कठिन चोटियों को फतह करने वाले सागर अब समाज की चुनौतियों को स्वीकार कर उन्हें सकारात्मक दिशा देने की बात कर रहे हैं।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद सागर कसाना ने कहा कि वे युवाओं को भटकाव से निकालकर सही दिशा देने, खेलों को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जमीनी स्तर पर काम करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाज के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने समाजवादी विचारधारा पर विश्वास जताते हुए कहा कि यह विचारधारा हमेशा से सामाजिक न्याय, समानता और युवाओं के सशक्तिकरण की पक्षधर रही है। इसी सोच के साथ वे आगे बढ़ते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य करेंगे।
गौरतलब है कि सागर कसाना मूल रूप से गाजियाबाद जनपद के ग्राम सकलपुरा के निवासी हैं। एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले सागर कसाना की यह नई राजनीतिक पारी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकती है। अब देखना यह होगा कि पर्वतों की ऊंचाइयों को छूने वाले यह युवा चेहरा सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में किस तरह नई ऊंचाइयों को हासिल करता है।।
