लखनऊ :
PGI की इमरजेंसी में युवक की मौत के बाद,हंगामा,सुरक्षा कर्मियों ने की धक्का मुक्की।
दो टूक : राजधानी लखनऊ एसजीपीजीआई के इमर्जेंसी में गुरुवार को इलाज के दौरान ब्रेन हैमरेज के चलते 20 साल के युवक की मौत हो गई इसके बाद परिजनों और सुरक्षा कर्मियों के बीच तीखी-नोख झोक एवं झड़प हुई। इस दौरान धक्का-मुक्की और अभद्रता भी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों में बीच बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद फिर मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस बीच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद संस्थान प्रशासन सक्रिय हुआ।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार थाना गोसाईंगंज क्षेत्र के पड़ेहरा निवासी किसान अजय पांडेय का 20 वर्षीय बेटा दिव्यांशु पांडेय गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मोहनलालगंज स्थित अपने ननिहाल गया हुआ था। जहाँ वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे आनन-फानन में SGPGI इमरजेंसी ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और प्राथमिक तौर पर ब्रेन हेमरेज की आशंका जताई और मामले को संदिग्ध मानते हुए पोस्टमार्टम कराने की बात कही, जबकि परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जब परिजन और उनके साथ मौजूद अधिवक्ता,पत्रकार अंदर जाने लगे तो सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया और उनके साथ अभद्रता भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां रश्मि और बहन स्नेहा का रो-रोकर बुरा हाल है।
संस्थान के सुरक्षा अधिकारी डी के पांडेय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था, वीडियो देखने के बाद घटना की जानकारी हुई है जांच कराई जाएगी।
थाना पीजीआई इस्पेक्टर धीरेन्द्र कुमार के अनुसार युवक की मौत का कारण स्पष्ट न होने से डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम कराने की बात कही गई थी इसी को लेकर कहासुनी हुई थी फिलहाल विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
