शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फायर सेफ्टी का नया युग: 100 मंजिल तक आग बुझाने वाली हाई-टेक CAF मशीन का ऐतिहासिक ट्रायल सफल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फायर सेफ्टी का नया युग: 100 मंजिल तक आग बुझाने वाली हाई-टेक CAF मशीन का ऐतिहासिक ट्रायल सफल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा में लगातार बढ़ती हाई-राइज इमारतों के बीच आग की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा बिल्डिंग की 45वीं मंजिल पर कंप्रेस्ड एयर फोम (CAF) आधारित अत्याधुनिक हाई-राइज फायर फाइटिंग व्हीकल का सफल ट्रायल किया गया, जिसने फायर सेफ्टी के क्षेत्र में नई उम्मीद जगा दी है।

इस हाई-टेक फायर फाइटिंग सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत इसकी ऊंचाई तक पहुंचने की क्षमता है। यह मशीन पानी और कंप्रेस्ड एयर को मिलाकर एक विशेष प्रकार का फोम तैयार करती है, जिसे 300 मीटर (करीब 100 मंजिल) तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। यह तकनीक आग पर तेजी से काबू पाने में बेहद कारगर मानी जा रही है, खासकर उन इमारतों में जहां पारंपरिक दमकल संसाधन सीमित साबित होते हैं।

ट्रायल के दौरान डीजी फायर सुजीत पांडे खुद मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह विश्वस्तरीय तकनीक है, जो अब तक भारत में केवल गुजरात में ही उपलब्ध थी। नोएडा में इसका सफल परीक्षण इस बात का संकेत है कि शहर अब आधुनिक आपदा प्रबंधन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस वाहन में लगे अत्याधुनिक उपकरण कंप्रेस्ड एयर को फोम में परिवर्तित कर भारी दबाव के साथ ऊंचाई तक पहुंचाते हैं। खास बात यह है कि इस तकनीक से दमकलकर्मी इमारत के अंदर जाकर कम समय में आग पर काबू पा सकते हैं, जिससे जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, नोएडा जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर, जहां बहुमंजिला इमारतों की संख्या लगातार बढ़ रही है, वहां इस तरह की तकनीक किसी गेम-चेंजर से कम नहीं है। यह न केवल फायर फाइटिंग की क्षमता को बढ़ाएगी, बल्कि आपातकालीन स्थितियों में प्रतिक्रिया समय को भी बेहद कम कर देगी।

कुल मिलाकर, यह ट्रायल नोएडा के लिए एक नई शुरुआत है, जो भविष्य में हाई-राइज बिल्डिंग्स की सुरक्षा को और मजबूत बनाएगा।।