गौतमबुद्धनगर: बरौला में प्रतिभाओं का भव्य सम्मान समारोह: PCS चयनित बेटियों समेत क्षेत्र के होनहारों को मिला सम्मान, बीसी प्रधान बोले—“मेहनत ही सफलता की कुंजी”!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा:
नोएडा ,युवा विकास समिति बरौला के तत्वावधान में ग्राम बरौला स्थित रागिनी पार्क बारात घर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें गांव और आसपास के क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान धर्मवीर सिंह ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय लोक गायक मास्टर ब्रह्मपाल नागर और आयकर अधिकारी अरुण शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। समारोह का मुख्य उद्देश्य उन प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित करना था, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सत्यवीर सिंह गुर्जर ने कहा कि गांव की प्रतिभाएं आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से गांव बरौला की बेटी मानसी बैसोया तथा डेरी मच्छा की बेटियां निधि नागर और नेहा नागर के पीसीएस में चयन पर गर्व व्यक्त किया। इसके अलावा बरौला के नरेंद्र सिंह के इंस्पेक्टर से डीएसपी पद पर पदोन्नति और इंजीनियर रणबीर सिंह को साउथ जोन का प्रभारी बनाए जाने को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
समारोह में समाजसेवी एवं किसान नेता चौधरी बीसी प्रधान ने अपने संबोधन में युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के समय में संसाधनों से ज्यादा महत्वपूर्ण दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत है। उन्होंने कहा कि गांव के इन होनहार बच्चों ने यह सिद्ध कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर किया जाए तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
बीसी प्रधान ने आगे कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी इन बेटियों और युवाओं ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अभिभावकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को सही दिशा और शिक्षा देने में परिवार का सबसे बड़ा योगदान होता है। साथ ही उन्होंने समाज से आह्वान किया कि ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर स्तर पर सहयोग किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां और अधिक ऊंचाइयों को छू सकें।
युवा विकास समिति बरौला के अध्यक्ष कर्मवीर गुर्जर एवं उनकी टीम द्वारा मानसी बैसोया, निधि नागर, नेहा नागर, नरेंद्र सिंह और रणवीर सिंह को फूलमाला पहनाकर, पगड़ी बांधकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सभी प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मास्टर खेमचंद शास्त्री, चौधरी लीले सिंह, प्रधान सतपाल नागर, मनवीर नागर, मास्टर ब्रह्मपाल, रामकुमार पंडित, मास्टर हंसराज कसाना, जयवीर सिंह, ऋषि चौहान, सुदेश ठेकेदार, हरि फौजी, गंगेश्वर दत्त शर्मा, छात्र नेता सचिन बैसला, महेश बैसोया, नरेंद्र बैसोया, सतीश कुमार, योगेश बैसोया, सुरेंद्र बैसला, प्रवीन बैसोया, कमल कसाना, हरीश, राजकुमार मोनू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
समारोह का समापन उत्साह और गर्व के माहौल के बीच हुआ, जहां ग्रामीणों ने प्रतिभाओं के सम्मान को गांव के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।।
