बुधवार, 15 अप्रैल 2026

मऊ :मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस सम्पन्न।||Mau:Farmers' Day concluded under the chairmanship of the Chief Development Officer.||

शेयर करें:
मऊ :
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस सम्पन्न।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े किसान तक बिना किसी बाधा के पहुँचे : सीडीओ 
विस्तार :
मऊ मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता ने पिछले माह किसान दिवस में किसानों द्वारा की गई शिकायतों के निस्तारण के संबंध में उपस्थित किसानों की समक्ष बताया गया। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सुना गया और कृषि क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने हेतु कड़े निर्देश दिए गए।
रतनपुरा के किसान अमित त्रिपाठी ने बताया कि रतनपुरा के क्रय केंद्रों पर बोरे न होने के कारण किसान विक्रय नहीं कर पा रहे हैं, जिससे किसानों में आक्रोश का माहौल बना है। मुख्य विकास अधिकारी ने तत्काल रतनपुरा सहित समस्त क्रय केंद्रों पर अनिवार्य रूप से बोरे उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। कुछ किसानों द्वारा शिकायत की गई कि जंगली नीलगायों द्वारा फसलों को नुकसान किया जा रहा है इसकी व्यवस्था की जाए। हथिनी से सरवा तक जाने वाली सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की गई।​
डुमरांव के किसान राजेंद्र ने शिकायत किया कि इंडिया मार्का हैंडपंप काफी दिनों से खराब है जिसकी मरम्मत किया जाना आवश्यक है। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि से संबंधित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की और किसानों को लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण 7 कार्य दिवसों के भीतर सुनिश्चित करें। 
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े किसान तक बिना किसी बाधा के पहुँचे।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि किसानों के शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं अन्यथा की स्थिति में लम्बित शिकायतों पर किसानों द्वारा यदि पुनः शिकायत की गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
अंत में जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता ने जनपद के किसानों से अपील किया कि फार्मर आईडी सभी किसानों का बनाया जाना अनिवार्य है उन्होंने बताया कि फार्मर आईडी से ही कृषि से संबंधित समस्त योजनाओं का लाभ मिलेगा जिन किसानों का फार्मर आईडी नहीं बनेगा वे किसान सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषि से संबंधित सभी लाभों से वंचित हो जाएंगे।
किसान दिवस के दौरान जनपद के
 प्रगतिशील किसान तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।