मऊ :
व्यवस्थित थाना ही प्रभावी पुलिसिंग की पहचान है सी ओ घोसी।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के क्षेत्राधिकारी घोसी का कोपागंज थाने पर त्रैमासिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश।
विस्तार :
मऊ जनपद के घोसी क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह ने बुधवार को थाना कोपागंज का त्रैमासिक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली का विस्तृत मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने का बारीकी से जायजा लिया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए।
निरीक्षण की शुरुआत मालखाना से की गई जहां रखे गए माल की स्थिति और अभिलेखों का मिलान कराया गया। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मालखाना से संबंधित सभी रिकॉर्ड अद्यतन और व्यवस्थित रहें। इसके बाद उन्होंने सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण करते हुए ऑनलाइन डेटा फीडिंग और रिकॉर्ड अपडेट की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी प्रविष्टियां समय से और सही तरीके से दर्ज की जाएं जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना समाप्त हो।
महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए ताकि पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत हो। इसके अलावा थाना कार्यालय भोजनालय और पूरे परिसर की साफ-सफाई का भी गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने साफ-सफाई, अनुशासन और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि व्यवस्थित थाना ही प्रभावी पुलिसिंग की पहचान है। साथ ही सभी रजिस्टरों और अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि थाना स्तर पर पारदर्शिता और सक्रियता से ही आमजन का विश्वास पुलिस पर कायम रहता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान कोपागंज थाना के प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नाथ राय के साथ उपनिरीक्षक व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
