गुरुवार, 16 अप्रैल 2026

मऊ : डा०आंबेडकर मूर्ति स्मारकों का किया जाएगा सुंदरीकरण,धनराशि निर्धारित।।||Mau: Dr. Ambedkar's statue memorials will be beautified, with a budget earmarked.||

शेयर करें:
मऊ : 
डा०आंबेडकर मूर्ति स्मारकों का किया जाएगा सुंदरीकरण,धनराशि निर्धारित।।
●प्रत्येक स्मारकों का 10 लाख की लागत से किया जाएगा सुंदरीकरण।
दो टूक : मऊ जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि जनपद में सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित महापुरूषों की मूर्तियों का संरक्षण, सुदृ‌ढीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके लिए जनपद स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है। महापुरूषों के सम्मान एवं उनके विचारों के संरक्षण के उद्देश्य से शुरू की गई डा०बी०आर० आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र से 10-10 स्थलों का चयन कर कुल 40 स्मारकों का सर्वेक्षण कर सूची तैयार की जायेगी।
योजना के तहत मूर्तियों की सुरक्षा के लिए टिकाऊ शेड का निर्माण, अतिक्रमण रोकने के लिए बाउंड्रीवाल या रेलिंग के साथ गेट की व्यवस्था व समग्र सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त ग्रीन स्पेस, बैठने के लिए बेंच, पाथवे व रात्रि में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाइट लगाने की व्यवस्था भी की जायेगी। इस योजना के तहत 31 दिसम्बर 2025 तक सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित मूर्तियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए आवेदन संबंधित बीडीओ, जिला समाज कल्याण अधिकारी या जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है। प्रत्येक स्थल पर संबंधित महापुरूष के जीवन व योगदान की जानकारी देने के लिए मानक आकार का सूचना पट्ट भी लगाया जाएगा, जिससे आमजन विशेषकर युवाओं को प्रेरणा मिल सके।
योजना के लिए प्रति स्थल अधिकतम 10 लाख रूपये का बजट निर्धारित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य खण्ड विकास अधिकारियों के माध्यम से तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों की ओर से कराया जाएगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यदाई संस्थाओं का चयन कर तीन माह के भीतर कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। यह योजना महापुरूषों के प्रति सम्मान करने के साथ ही नई पीढ़ी को उनके आदर्शों व सामाजिक योगदान से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।