गुरुवार, 23 अप्रैल 2026

मऊ : पोषण पखवाड़ा के समापन दिवस पर निकाली गई जागरूकता रैली।||Mau: An awareness rally was held on the closing day of the Nutrition Fortnight.||

शेयर करें:
मऊ : 
पोषण पखवाड़ा के समापन दिवस पर निकाली गई जागरूकता रैली।
गोष्ठी में हुई गर्भवती महिलाओं की गोद भराई
 ।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के रतनपुरा में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा 9 से 23 अप्रैल 2026 तक चलाए गए 8 वां पोषण पखवाड़ा के समापन दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के पश्चात नगर में रैली निकाल कर लोगों को मातृ एवं शिशु पोषण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया । इस दौरान गोष्ठी को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के रतनपुरा ब्लाक अध्यक्ष दया श्रीवास्तव ने कहा कि "बचपन के पहले छह साल पोषण, पढ़ाई के लिए बेमिसाल" है । उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी । खण्ड विकास अधिकारी विवेक सिंह ने मुख्य रूप से बच्चों के प्रारंभिक शारीरिक और मानसिक विकास, मातृत्व पोषण के बारे में लोगों को बताया । बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती बेबी परवीन ने कहा कि जिलाधिकारी  प्रवीण मिश्र , मुख्य विकास अधिकारी  विवेक कुमार श्रीवास्तव और ज़िला कार्यक्रम अधिकारी  अजीत कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में चलाए गए पोषण पखवाड़ा 2026 का मुख्य उद्देश्य "जन आंदोलन" के माध्यम से मातृ एवं शिशु पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है । उन्होंने बताया कि इसके तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर 0 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों के मस्तिष्क के अधिकतम विकास के लिए शुरुआती पोषण पर विशेष जोर देने के साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई , बच्चों का अन्नप्राशन  और वृद्धि निगरानी कार्यक्रम का आयोजन किया गया । उन्होंने बताया कि पखवारे के दौरान पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से जिले के हर शिशु के स्वास्थ्य और पोषण की रीयल-टाइम निगरानी की जा रही है और स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए अभिभावकों को जागरूक भी किया जा रहा है। 
इस दौरान संतोष सिंह , मुख्य सेविका नीलम यादव ,  आशा सिंह , लिपिक पृथ्वीराज चौहान सहित बड़ी संख्या में विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने हिस्सा लिया।