गुरुवार, 23 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: रबूपुरा पुलिस की बड़ी सफलता: दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रबूपुरा पुलिस की बड़ी सफलता: दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 23 अप्रैल 2026

दो टूक// जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के क्रम में थाना रबूपुरा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। लोकल इंटेलिजेंस एवं बीट पुलिसिंग की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से अवैध शस्त्र एवं चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार दिनांक 23 अप्रैल 2026 को थाना रबूपुरा पुलिस टीम ने यूनिवर्सिटी अंडरपास के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त गुलफाम पुत्र अकबर एवं अरुण पुत्र पुनीत को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से एक अवैध तमंचा .32 बोर मय दो जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू तथा थाना कासना क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या UP13BR3621) बरामद की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार है—
गुलफाम पुत्र अकबर निवासी ग्राम नंगला जहानू, थाना जेवर, गौतमबुद्धनगर तथा अरुण पुत्र पुनीत निवासी ग्राम तिरथली, थाना रबूपुरा, गौतमबुद्धनगर।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी एवं आर्म्स एक्ट जैसे मामले शामिल हैं।

पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अभियुक्तों का किसी बड़े आपराधिक गिरोह से संबंध तो नहीं है।

थाना रबूपुरा पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।