लखनऊ :
कानपुर रोड़ हाइडिल चौराहा पर जाम से निजात दिलाने के लिए एसपी ने लिया बड़ा फसला।
दो टूक : लखनऊ कानपुर रोड़ सरोजनी नगर क्षेत्र हाइडिल चौराहा पर उत्पन्न जाम की समस्या के समाधान हेतु एसपी कृष्णा नगर ने बड़ा फैसला लेते हुए लेबर मण्डी को सैनिक तिराहे के समीप स्थित खाली स्थल पर स्थानांतरित किया गया।
विस्तार :
राजधानी के सरोजनीनगर क्षेत्रान्तर्गत कानपुर रोड और हाइडिल चौराहे पर वर्षों से बनी रहने वाली जाम की समस्या को दूर करने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। क्षेत्रीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और स्कूली बच्चों को होने वाली भारी असुविधा को देखते हुए तथा यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी, जिसकी शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं।
प्रशासन ने कानपुर रोड के किनारे लगने वाली लेबर मण्डी को सैनिक तिराहे के समीप स्थित खाली भूमि पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।
जाम से मुक्ति हेतु महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन-
दिनांक 25.04.2026 शनिवार को थाना सरोजनीनगर में सहायक पुलिस आयुक्त (कृष्णानगर) रजनीश वर्मा एवं प्रभारी निरीक्षक (सरोजनीनगर) राजदेव प्रजापति के नेतृत्व में एक विशेष गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक में व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग किया। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य कानपुर रोड पर लेबर मण्डी और अनियंत्रित सब्जी विक्रेताओं के कारण बाधित हो रहे यातायात का स्थायी समाधान खोजना था।
सैनिक तिराहे पर नई व्यवस्था।
बैठक में प्राप्त सुझावों और सर्वसम्मति के आधार पर निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए:
• मण्डी का स्थानांतरण: हाइडिल चौराहे के पास सड़क किनारे लगने वाली लेबर मण्डी को तत्काल प्रभाव से सैनिक तिराहा स्थित खाली मैदान में स्थानांतरित कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित स्थल का भौतिक निरीक्षण कर उसे चिन्हित कर लिया गया है।
• सब्जी विक्रेताओं हेतु निर्देश: सड़क की पटरियों पर दुकान लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे कल (दिनांक 26.04.2026) से अपनी दुकानें केवल पूर्व से चिन्हित सब्जी मण्डी परिसर के भीतर ही लगाएं।
बेहतर यातायात और जन-सुविधा।
प्रशासन की इस पहल से कानपुर रोड जैसे व्यस्ततम मार्ग पर यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है। सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अब कड़ाई बरती जाएगी ताकि एम्बुलेंस, स्कूली बसों और आम राहगीरों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन के इस त्वरित और संवेदनशील निर्णय का स्वागत किया है तथा इस व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।
