लखनऊ :
धड़ल्ले से चल रहीं अवैध डबल डेकर बसें, हादसे की दे रही दाबत।।
दो टूक : लखनऊ मोहनलालगंज से चलने वाली डबल डेकर बसो में दलालों के जरिए भरी जा रहीं सवारियां, पुलिस-परिवहन विभाग की भूमिका पर उठे सवाल।
विस्तार :
राजधानी में डबल डेकर बसों से लगातार हो रहे सड़क हादसों के बावजूद जिम्मेदार विभाग लापरवाही बरतते नजर आ रहे हैं। मोहनलालगंज क्षेत्र के गौरा स्थित एक पेट्रोल पंप से बेखौफ होकर डबल डेकर बसों का अवैध संचालन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी इन बसों में सवारियां भरने के लिए दलाल सक्रिय हैं। ये दलाल टेंपो और ऑटो के माध्यम से बाहरी प्रदेशों से राजधानी में काम करने वाले मजदूरों समेत अन्य यात्रियों को लाकर बसों में बैठाते हैं। एक बस के भरते ही दूसरी बस मौके पर खड़ी कर दी जाती है, जिससे वहां अव्यवस्था और भीड़भाड़ का माहौल बना रहता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इन बसों का संचालन बिना परमिट के किया जा रहा है, इसके बावजूद परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन आंखें मूंदे हुए हैं। इतना ही नहीं, बसों के संचालन में स्थानीय पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।क्षेत्रीय लोगो का कहना है कि यदि समय रहते इन अवैध बसों के संचालन पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में गंभीर सड़क हादसे हो सकते हैं। लोगों ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर अवैध रूप से संचालित डबल डेकर बसों पर रोक लगाने की मांग की है।एसीपी विकास कुमार पांडे ने बताया कि पेट्रोल पंप से अवैध रूप से डबल डेकर बसों के संचालन की सूचना मिली है, जिसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
