लखनऊ :
तहसील मोहनलालगंज में सर्वर ठप, दिनभर भटकते रहे क्रेता-विक्रेता।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के तहसील
मोहनलालगंज स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में आए दिन सर्वर की समस्या से आमजन के साथ अधिवक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह सोमवार को भी सर्वर ठप रहने से दूर-दराज से आए पुरुष व महिलाएं दिन-भर तहसील परिसर में भटकते नजर आए, लेकिन देर शाम तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
विस्तार :
मोहनलालगंज तहसील के अधिवक्ता रामेंद्र सिंह,अंकित सिंह, सुरेश कुमार, अभिषेक सिंह व उद्भव मिश्रा ने बताया कि सब रजिस्ट्रार कार्यालय मोहनलालगंज में सर्वर की समस्या अब आम हो चुकी है। इसके चलते न केवल अधिवक्ता बल्कि संपत्ति खरीदने व बेचने वाले लोग भी घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। कई बार तो देर रात तक सर्वर चालू होने का इंतजार करना पड़ता है।उन्होंने बताया कि हाल ही में सर्वर की समस्या के चलते रात करीब 12 बजे तक लोग कार्यालय में परेशान बैठे रहे। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।सोमवार को रायबरेली निवासी रामकुमार ने बताया कि वह सुबह ही तहसील पहुंच गए थे लेकिन सर्वर न आने के कारण दिनभर बैठे रहे। उन्होंने बताया कि संपत्ति खरीदने के लिए विक्रेता के खाते में पैसा भी ट्रांसफर कर दिया लेकिन रजिस्ट्री नहीं हो सकी। ऐसे में यदि आवा-गमन के दौरान कोई अप्रिय घटना हो जाए तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
वहीं सुल्तानपुर निवासी राजेश्वर ने बताया कि विक्रेता पैसा मिलने के बाद ही हस्ताक्षर करने को तैयार था। पैसा ट्रांसफर करने के बाद जब तहसील पहुंचे तो पता चला कि सर्वर ही नहीं चल रहा है जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी।सर्वर ठप रहने के कारण तहसील परिसर के साथ ही बाहर स्थित होटलों व दुकानों पर भी खरीदारों और विक्रेताओं की भीड़ लगी रही। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।।
