सोमवार, 13 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: उत्तर भारत में आरपीआई (ए) को नई ऊर्जा: महेंद्र तिवारी युवा अध्यक्ष नियुक्त, अठावले ने जताया भरोसा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: उत्तर भारत में आरपीआई (ए) को नई ऊर्जा: महेंद्र तिवारी युवा अध्यक्ष नियुक्त, अठावले ने जताया भरोसा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) ने उत्तर भारत में संगठन को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए महेंद्र तिवारी को युवा अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति के बाद सोमवार को नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में तिवारी ने अपनी प्राथमिकताओं, संगठन विस्तार की रणनीति और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. रामदास अठावले भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने महेंद्र तिवारी को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और उनके नेतृत्व पर पूरा विश्वास जताया। अठावले ने कहा कि तिवारी एक ऊर्जावान, समर्पित और संघर्षशील युवा नेता हैं, जिनमें संगठन को नई दिशा देने की क्षमता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तिवारी के नेतृत्व में उत्तर भारत में पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ेगा और बड़ी संख्या में युवा पार्टी की विचारधारा से जुड़ेंगे।

डॉ. अठावले ने यह भी कहा कि महेंद्र तिवारी समाज के वंचित, पिछड़े और कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने युवाओं से सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

वहीं, अपने संबोधन में महेंद्र तिवारी ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि पार्टी का विस्तार गांव-गांव और शहर-शहर तक किया जाएगा। नई कार्यकारिणी का गठन कर बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाया जाएगा, ताकि पार्टी की पकड़ हर क्षेत्र में मजबूत हो सके।

तिवारी ने जोर देते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत बनेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि युवा वर्ग के सहयोग से पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा और उत्तर भारत में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने महेंद्र तिवारी के नेतृत्व पर विश्वास जताया और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प को दोहराया।।