सोमवार, 13 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में श्रमिकों का उग्र प्रदर्शन: 80 से ज्यादा स्थानों पर बवाल, आगजनी के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में श्रमिकों का उग्र प्रदर्शन: 80 से ज्यादा स्थानों पर बवाल, आगजनी के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 13 अप्रैल 2026। 

दो टूक//जनपद गौतमबुद्धनगर में सोमवार को उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब करीब 40 से 45 हजार श्रमिकों और मजदूरों ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। देखते ही देखते यह प्रदर्शन कई स्थानों पर उग्र हो गया और कमिश्नरेट क्षेत्र के 80 से अधिक स्थानों पर उपद्रव और हंगामे की घटनाएं सामने आईं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो गई।

प्रदर्शन के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने माहौल को और बिगाड़ते हुए सेक्टर-63 के दो स्थानों और मदरसन कंपनी परिसर के आसपास आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया। इस दौरान कई जगहों पर यातायात बाधित हुआ और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में पूरे कमिश्नरेट में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। जोनल पुलिस, थाना पुलिस, फायर सर्विस और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयम, धैर्य और सूझबूझ के साथ भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया

हालांकि, कुछ स्थानों पर अराजक तत्वों ने समूह बनाकर उत्पात जारी रखा, लेकिन पुलिस ने न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए हालात पर काबू पाया और आगजनी की घटनाओं को भी समय रहते नियंत्रित कर लिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना रही।

पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, पूरे मामले में 07 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और कई असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया गया है। साथ ही, उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल, प्रशासन के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जनपद में शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सतर्क निगरानी जारी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।।