लखनऊ :
मामूली कहासुनी में पान दुकानदार ने युवक के सीने मे घोपा चाकू,रिपोर्ट दर्ज।
दो टूक : लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्रान्तर्गत बीते गुरुवार रात एक दुकानदार ने मामूली कहासुनी के बाद युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना सरोजनी नगर क्षेत्र अमौसी स्थित हड़ाइनखेड़ा निवासी विनोद के मुताबिक उनका बेटा पवन (20) गुरुवार रात करीब 10:30 बजे अमौसी बाजार स्थित एक पान की दुकान पर सामान लेने गया था। आरोप है कि यहीं के गंगानगर निवासी दुकान संचालक चन्द्रभान उर्फ कल्लू ने किसी बात को लेकर पवन से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने दुकान से चाकू निकाल कर पवन के ऊपर हमला कर दिया। विनोद का कहना है कि पवन के सीने में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आस-पास मौजूद लोगों ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीडित विनोद की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
