गौतमबुद्धनगर: निजी कंपनी के HOD पर महिला कर्मचारी को जबरन इस्तीफा दिलवाने का आरोप, उत्पीड़न और धार्मिक टिप्पणी का मामला दर्ज!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा (फेस-1): नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र में एक निजी कंपनी के विभागाध्यक्ष (HOD) पर महिला कर्मचारी को जबरन इस्तीफा दिलवाने, मानसिक उत्पीड़न करने और धार्मिक टिप्पणी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला कर्मचारी का आरोप है कि कंपनी में कार्य के दौरान HOD द्वारा लगातार उस पर मानसिक दबाव बनाया गया। उसने बताया कि नवंबर 2025 में उसे प्रताड़ित कर जबरन इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया। इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी द्वारा उसके साथ अनुचित व्यवहार किया गया और धार्मिक आधार पर टिप्पणी कर उसे अपमानित किया गया।
महिला का यह भी आरोप है कि जब उसने इस पूरे मामले की शिकायत करने की कोशिश की, तो उस पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया। पीड़िता ने कंपनी प्रबंधन पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने पूरे मामले को नजरअंदाज किया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फेस-1 पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी HOD से जल्द पूछताछ की जाएगी और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद निजी कंपनियों में कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।।
