सोमवार, 20 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जे का बड़ा खुलासा, 4 नामजद आरोपियों पर FIR दर्ज!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जे का बड़ा खुलासा, 4 नामजद आरोपियों पर FIR दर्ज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा: शहर में प्राधिकरण की अर्जित भूमि पर अवैध कब्जे का एक बड़ा मामला सामने आया है। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, वर्क सर्किल-6 में तैनात जूनियर इंजीनियर की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खसरा नंबर 618, 619 और 620 की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने और निर्माण कार्य कराने की कोशिश की जा रही थी।

इस मामले में विकास यादव, सुभाष, सुभाष यादव और राकी डेंडा को नामजद आरोपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि यह जमीन नोएडा प्राधिकरण की अर्जित भूमि है, जिस पर नियमों के विरुद्ध निर्माण कराया जा रहा था।

प्राधिकरण की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को रुकवाया भी गया, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने जबरन निर्माण कार्य जारी रखने का प्रयास किया। इस गंभीर लापरवाही और नियमों की अवहेलना को देखते हुए प्राधिकरण ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

थाना सेक्टर-113 पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी हालत में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और प्राधिकरण अब अन्य स्थानों पर भी अवैध कब्जों की जांच तेज करने की तैयारी में है।।