सोमवार, 20 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा: स्कूली वैन पेड़ से टकराई, 6 बच्चे घायल; इलाके में मची अफरा-तफरी!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा: स्कूली वैन पेड़ से टकराई, 6 बच्चे घायल; इलाके में मची अफरा-तफरी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा: थाना बीटा-2 क्षेत्र के पाई-3 स्थित CRH Hospital के पास सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक वैन अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

पुलिस के अनुसार, वैन बच्चों को स्कूल लेकर जा रही थी। तभी एक मोड़ पर सामने से अचानक एक बाइक आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वैन चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे वैन सड़क किनारे ग्रीन बेल्ट में खड़े पेड़ से जा टकराई।

हादसे के वक्त वैन में कुल 6 बच्चे सवार थे, जिन्हें इस दुर्घटना में चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चों को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त वैन को मौके से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के वास्तविक कारणों की गहन जांच जारी है।।