सोमवार, 6 अप्रैल 2026

गोण्डा- इटियाथोक CHC में किशोरियों के लिए मुफ्त HPV वैक्सीनेशन का महाअभियान शुरू, सर्वाइकल कैंसर के मामलों में आएगी कमी

शेयर करें:
गोण्डा- जिले के इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार से किशोरियों के लिए मुफ्त वैक्सीनेशन का महाअभियान शुरू हो गया है। इसके तहत 14-15 साल की किशोरियों को मुफ्त एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी ताकि सर्वाइकल कैंसर के मामलों में कमीं लाई जा सके। भाजपा इटियाथोक के वर्तमान मंडल अद्द्यक्ष संतोष चौरसिया व पूर्व मंडल अद्द्यक्ष सत्यब्रत ओझा ने अपने सहयोगी अजय राठौर तथा कपिलेश्वर शुक्ला संग फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। मौके पर रहे सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक/ एईएफआई नोडल डा0 एसके प्रजापति ने बताया कि यहां पर किशोरियों को वैक्सीन लगने का अभियान सोमवार से शुरू हो गया है। क्षेत्र की सभी चिन्हित किशोरियों को जल्द ही एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन लगाई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों को सुरक्षित करना है। यह बैक्सीन उन किशोरियों को लगाया जाएगा जिन्होंने अपना चौदहवां जन्मदिवस मना लिया हो और पंद्रहवां जन्मदिवस अभी न मनाया हो। उन्होंने कहा कि देश में हर साल भारी संख्या में तमाम महिलाएं सर्वाइकल कैंसर से प्रभावित होती हैं। इस बीमारी का मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस है, जो अक्सर बिना लक्षण के शरीर में प्रवेश कर जाता है। अच्छी बात यह है कि अब मुफ्त टीकाकरण के जरिए इस वायरस से बचाव संभव है। उन्होंने बताया कि हमारे सीएचसी में 6 अप्रैल से इस टीकाकरण अभियान की शुरुवात हुई है, जो आगामी 3 माह तक यहां चलेगा। बुधवार, शनिवार, रविवार और सरकारी अवकाश को छोड़कर बाकी सभी दिनों में यह वैक्सीन यहां लगाई जाएगी। गंभीर बीमारी से ग्रस्त किशोरियों को यह वैक्सीन नहीं लगेगी।
कंट्रोल रूम प्रभारी डा0 पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि किशोरियों को अस्पताल आते समय अपना आधार कार्ड व मोबाइल लाना जरूरी होगा। बीपीएम एसपी द्विवेदी ने बताया कि किशोरियों में किशोरावस्था से ही वायरस पनपने लगते हैं, जो आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर में बदल सकते हैं। इसकी रोकथाम के लिए किशोरावस्था में यह वैक्सीन लगना बेहद जरूरी है। यह टीकाकरण पूरी तरह से सुरक्षित और मुफ्त है। 
मीडिया प्रभारी पंकज कुमार चौधरी ने बताया कि पीएम मोदी ने अजमेर से इस टीकाकरण कार्यक्रम को हाल में ही लॉन्च किया है। यह सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की एक मजबूत पहल है। यह अभियान सिर्फ एक टीकाकरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की मजबूत पहल है।
बीसीपीएम दिनेश कुमार चौरसिया ने बताया कि हमारे ब्लाक में कुल 85 ग्रामसभा हैं जहां पर 203 आशा बहुओ की तैनाती है। इनके सहयोग से ब्लाक क्षेत्र में 2365 किशोरियों का चयन करके सूची बनाई गई है, जिनको यह वैक्सीन लगाई जानी है।
मौके पर सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक/ एईएफआई नोडल डा0 एसके प्रजापति, डा0 अभिषेक वर्मा, बीपीएम एसपी द्विवेदी, कंट्रोल रूम प्रभारी डा0 पुष्पेंद्र मिश्रा, मीडिया प्रभारी पंकज कुमार चौधरी, बीसीपीएम दिनेश कुमार चौरसिया, फार्मेसिस्ट एके तिवारी, एमसीटीएस आपरेटर गुंजन सिंह, बैक्सीनेटर श्रीमति शैल श्रीवास्तव आदि लोग मौजूद रहे।