शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: वेतन बढ़ोतरी की मांग पर उबाल, फैक्ट्री कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने संभाला मोर्चा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: वेतन बढ़ोतरी की मांग पर उबाल, फैक्ट्री कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने संभाला मोर्चा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के फेस-2 स्थित हॉजरी कॉम्प्लेक्स में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब ऋचा ग्लोबल गारमेंट कंपनी के सैकड़ों कर्मचारी न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए। बढ़ती महंगाई और वेतन में लंबे समय से वृद्धि न होने के आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया और अपनी मांगों को जोर-शोर से उठाया।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी फैक्ट्री परिसर से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी, एसीपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने की कोशिश की, वहीं फैक्ट्री प्रबंधन के साथ भी वार्ता कर बीच का रास्ता निकालने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।

इस घटनाक्रम के बाद पूरे हॉजरी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। कर्मचारियों की यह नाराजगी अब नोएडा की अन्य फैक्ट्रियों में भी वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर एक बड़े आंदोलन का रूप ले सकती है।।