गौतमबुद्धनगर: नोएडा में आत्मदाह की कोशिश नाकाम: पेट्रोल पंप विवाद के बाद युवक ने खुद पर डाला पेट्रोल, PRV पुलिस की तत्परता से बची जान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पेट्रोल पंप पर हुए विवाद के बाद एक युवक ने आत्मदाह की कोशिश कर दी। हालांकि समय रहते पहुंची पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई और युवक की जान बचा ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेक्टर-49 स्थित एक पेट्रोल पंप पर युवक अपनी गाड़ी में तेल भरवाने पहुंचा था। इसी दौरान कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से गलत तेल भर दिया गया, जिसको लेकर युवक और पंप कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवक कर्मचारियों के व्यवहार से आहत हो गया और गुस्से में आकर उसने खौफनाक कदम उठा लिया।
बताया जा रहा है कि युवक ने मौके पर ही अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और आत्मदाह का प्रयास करने लगा। इस घटना से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही PRV 4803 पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक पर पानी डालकर उसे काबू में किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और युवक को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पेट्रोल पंप पर गलत तेल भरना और कर्मचारियों का व्यवहार बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी लापरवाहियां और खराब व्यवहार किस तरह बड़े हादसों का कारण बन सकते हैं। वहीं, पुलिस की तत्परता ने एक जिंदगी को बचाकर सराहनीय उदाहरण पेश किया है।।
