गौतमबुद्धनगर: शादी-ब्याह और भंडारों के लिए गैस सिलेंडर आपूर्ति को लेकर प्रशासन सख्त, जिला पूर्ति अधिकारी ने जारी की गाइडलाइन!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 08 अप्रैल 2026
दो टूक//जनपद में शादी-विवाह, भंडारों और अन्य बड़े आयोजनों के चलते घरेलू गैस सिलेंडरों की बढ़ती मांग को देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए अतिरिक्त गैस सिलेंडरों की मांग लगातार प्राप्त हो रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन ने व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की पहल की है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को शादी, भंडारा या अन्य कार्यक्रम के लिए अतिरिक्त गैस सिलेंडरों की आवश्यकता हो, तो वे सीधे अपनी संबंधित अधिकृत गैस एजेंसी से संपर्क करें। बिना अनुमति या अनधिकृत तरीके से गैस सिलेंडर की व्यवस्था करना नियमों के विरुद्ध है।
उन्होंने आगे बताया कि उपभोक्ताओं द्वारा की गई मांग के आधार पर संबंधित गैस एजेंसी द्वारा पहले भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद विक्रय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए नियमानुसार अतिरिक्त गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होगी, ताकि किसी प्रकार की कालाबाजारी या दुरुपयोग की स्थिति उत्पन्न न हो।
अंत में जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन कर ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें, जिससे सभी जरूरतमंदों को समय पर सुविधा मिल सके।।
