गौतमबुद्धनगर: विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, फर्जी वीजा और दस्तावेजों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 08 अप्रैल 2026: थाना बिसरख पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी वर्क वीजा, एंट्री पास और अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, लोकल इंटेलिजेंस की सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना बिसरख टीम ने हिन्डन नदी पुल के पास चार मूर्ति क्षेत्र से अभियुक्त इसहाक युनुस पुत्र युनुस उसमान (उम्र 38 वर्ष), निवासी दोमाला रोड, थाना गंज, जिला रामपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से भोले-भाले लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी कर रहा था।
ठगी का तरीका बेहद सुनियोजित
पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह फर्जी वर्क परमिट, एंट्री पास, एग्रीमेंट लेटर और कॉन्ट्रैक्ट लेटर तैयार कर लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देता था। इसके बदले वह प्रति व्यक्ति डेढ़ से दो लाख रुपये तक वसूलता था। आरोपी ने अपना एक फर्जी नाम “संतोष” भी रखा हुआ था और इसी नाम से कूटरचित आधार कार्ड बनवाकर लोगों को विश्वास में लेता था।
बरामद हुआ भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज
पुलिस ने आरोपी के पास से 50 फर्जी वर्क परमिट एंट्री पास, क्रिटोनिका कंपनी के 3 एग्रीमेंट लेटर, 3 कॉन्ट्रैक्ट लेटर (मालदीव), एक फर्जी आधार कार्ड की फोटो कॉपी, आरोपी के असली आधार व पैन कार्ड, एक चेकबुक तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद दस्तावेजों से संकेत मिलता है कि यह गिरोह संगठित तरीके से ठगी का काम कर रहा था।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना बिसरख पर मु0अ0सं0 230/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कितने लोगों को अब तक ठगी का शिकार बनाया जा चुका है।
पुलिस की अपील
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आम नागरिकों से अपील की है कि विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति या एजेंसी को बिना सत्यापन के पैसे न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।।
